कूचबिहार, 11 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ग्रामीण इलाके में वैन चालक और उनकी पत्नी के खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई और फोन का कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। कमरे के फर्श पर दोनों के शव लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों के बयानों से पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक कलह होती रहती थी। हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।















