हमीरपुर, 11 सितंबर।
सुमेरपुर कस्बे के इंदिरा नगर में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया। पति की डांट से नाराज होकर विवाहिता द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर 14 निवासी राहुल निषाद की शादी कुरारा थाना क्षेत्र के पडुई गांव निवासी 20 वर्षीय संध्या से नवंबर 2025 में हुई थी। राहुल के अनुसार शुक्रवार को संध्या उसके यहां काम करने वाले चालक से फोन पर बात कर रही थी। इस पर उसने उसे डांट दिया था।
राहुल के मुताबिक इसके बाद संध्या नहाने की बात कहकर मकान की तीसरी मंजिल पर चली गई। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर उसकी मां सदाप्यारी उसे देखने ऊपर गईं। वहां संध्या कमरे में फंदे पर मिली। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के ससुर फूल सिंह निषाद ने पुलिस और मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी।
मृतका के पिता कालका प्रसाद निषाद और चाचा प्रेमचंद निषाद ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। चाचा ने बताया कि कार की मांग को लेकर संध्या के साथ मारपीट की जाती थी। उनके अनुसार तीन दिन पहले भी संध्या के साथ मारपीट हुई थी और सूचना मिलने पर उन्होंने पहुंचकर समझाया था।
थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















