हल्द्वानी, 06 जून।
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित एक अमेज़न स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण अग्निकांड हुआ, जिसमें दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसने पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र की है। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे स्टोर से आग की लपटें निकलते देख पास स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। एसपी सिटी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक आग पूरे परिसर में फैल चुकी थी। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्टोर के भीतर सो रहे दो कर्मचारियों—नरेंद्र (35, निवासी सोमेश्वर, अल्मोड़ा) और अमित (25, निवासी पंचायतघर क्षेत्र)—के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में आग की चपेट में आने और दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे में स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इसके साथ ही परिसर में खड़ी एक स्कूटी और एक टेंपो भी पूरी तरह नष्ट हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।








