काकामिगाहारा (जापान), 06 जून।
भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने शनिवार को जापान के काकामिगाहारा में खेले गए महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से पराजित कर टूर्नामेंट का समापन पदक के साथ किया है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरू से अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा और कोरियाई टीम को गोल करने का कोई अवसर नहीं दिया।
मैच के दूसरे ही मिनट में संदीपा कुमारी ने शानदार गोल कर भारत का खाता खोला और टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इस आक्रामक शुरुआत के बाद 16वें मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर ने फील्ड गोल के जरिए बढ़त को 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का अनुशासन और तालमेल सराहनीय रहा। 33वें मिनट में टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी नौशीन नाज़ ने एक और फील्ड गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। इस गोल के साथ टूर्नामेंट में नौशीन के कुल गोलों की संख्या 12 हो गई है।
भारतीय टीम की रक्षापंक्ति ने पूरे समय कोरियाई आक्रमणों को विफल रखा और मैच में 'क्लीन शीट' बनाए रखी। शानदार प्रदर्शन और शुरुआती गोल करने के लिए संदीपा कुमारी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने कुल 36 गोल किए हैं, जो उनकी आक्रामक क्षमता को प्रदर्शित करता है। वहीं, अब सभी की निगाहें शनिवार शाम को होने वाले पुरुष अंडर-18 फाइनल पर टिकी हैं, जहाँ भारतीय टीम का मुकाबला जापान से होगा।







