अमेठी, 06 जून।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ जामो थाना क्षेत्र के पूरे परमेश्वरी (घाटमपुर) गांव में कच्ची दीवार गिरने से मां और बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई। इस हादसे में परिवार का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है।
घटना शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे की है। ओम प्रकाश का परिवार अपने घर में सो रहा था, तभी अचानक घर की पुरानी और जर्जर कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में ओम प्रकाश की पत्नी कमलेश कुमारी (32) और उनके दो बच्चे दब गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने कमलेश कुमारी और उनकी 7 वर्षीय पुत्री आँशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटे दीपांशु को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

जामो थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने राजस्व विभाग को सूचित कर दिया है, ताकि पीड़ित परिवार को सरकारी नियमानुसार मुआवजा और सहायता दिलाई जा सके।













.jpg)


