अररिया, 06 जून।
फारबिसगंज-अररिया मुख्य मार्ग एनएच-27 पर लाइन चौक के निकट शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की जान चली गई। ट्रक और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान खमकौल वार्ड संख्या दो निवासी 40 वर्षीय रविन्द्र मंडल के रूप में हुई है, जो अपने पीछे पत्नी ममता देवी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने करीब दो घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क मरम्मत कार्य के दौरान विभाग ने मोड़ (कट) पर कोई भी संकेतक या टर्निंग निशान नहीं लगाया, जिसकी लापरवाही का नतीजा इस जानलेवा दुर्घटना के रूप में सामने आया है। सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती और सीओ पंकज कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। भाजपा नेता दिलीप पासवान ने भी वहां पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।













