मीरजापुर, 11 सितंबर।
हलिया थाना क्षेत्र में एक युवक को जंगल में ले जाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस ने सभी आरोपितों का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार सोंटिया खुर्द गांव निवासी 18 वर्षीय सैफ को कुछ लोग मुरलिया जंगल की तरफ ले गए थे। वहां उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सैफ के पिता मुमताज अहमद ने पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर और सामने आए वीडियो के आधार पर हलिया थाने में नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने बेलन बरौंधा, थाना लालगंज निवासी लायन, मनीष पटेल, मन्नान सिद्दीकी, जाने आलम और नौशाद के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने इनमें से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ शांति व्यवस्था बनाए रखने के तहत भी कार्रवाई की गई है। सभी को न्यायालय भेज दिया गया है।















