सिलीगुड़ी, 11 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में पुलिस ने आईटी पार्क की आड़ में चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। परिवहन नगर स्थित वेबेल आईटी पार्क में माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने छापेमारी कर चार महिलाओं समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार देर रात भारी पुलिस बल के साथ चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने किया। पुलिस की टीमों ने आईटी पार्क के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी और रातभर तलाशी अभियान चलाया।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि यहां कस्टमर सपोर्ट के नाम पर साइबर ठगी और अवैध वित्तीय लेनदेन का गोरखधंधा चलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी जब्त किए हैं।
पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि सरकारी परिसर के भीतर यह अवैध खेल इतने लंबे समय से कैसे चल रहा था। गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।















