जगदलपुर, 11 सितंबर।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर आतंक मचाने वाले एक दबंग किस्म के बदमाश को धर दबोचा है। आरोपी ने एक ऑटो चालक को नशा करने से मना करने पर पहले डंडे से पीटा और फिर सरेराह चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोनित बघेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना स्टाफ के कई पुलिसकर्मी भी शामिल रहे जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोचा।















