बांदा, 11 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में केन नदी के रेलवे पुल पर शुक्रवार की सुबह एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा एक युवक फिल्म शोले के अंदाज में रेलवे पुल के ऊपर जा चढ़ा जिससे मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई।
युवक की इस हरकत से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर पुलिस बल के साथ गोताखोरों को भी तैनात कर दिया गया। युवक लगातार अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा था और नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
करीब दो घंटे तक चली लंबी मशक्कत और मान-मनोव्वल के बाद पुलिस ने आखिरकार युवती को मौके पर बुलवाया। प्रेमिका के आते ही युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतर आया जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज थे और वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।















