जोधपुर, 11 सितंबर।
राजस्थान के जोधपुर जिले के शेरगढ़ इलाके में एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है जहां रामदेवरा पैदल जा रहे तीन श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीनों जातरुओं की मौके पर ही मौत हो जाने से पूरे इलाके में मातम छा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी बिशन सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक तेना-नाथासर गांव के रहने वाले थे जो रात के समय बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल रवाना हुए थे।
सूचना पाकर शेरगढ़ थाना अधिकारी खेताराम सियोल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।















