औरैया, 06 जून।
औरैया जिले में सड़क हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। फफूंद थाना क्षेत्र के लोधियान मोहल्ले का निवासी 26 वर्षीय गौरव कुमार शुक्रवार देर रात मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी औरैया मार्ग पर सुक्खू के अड्डा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गौरव को आयुर्वेदिक चिकित्सालय चिचोली पहुँचाया। वहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गौरव की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों (परी, चिंगी और एक माह का पुत्र) को छोड़ गया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है और मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है।









