उरई, 06 जून।
उत्तर प्रदेश के उरई में एट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सलाघाट-पिरौना मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गहरी खंती में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। घटना के अनुसार, ट्रैक्टर की गति काफी तेज थी, जिसके कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर के पलटते ही धर्मेंद्र गाड़ी के नीचे दब गया, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर उरई स्थित मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एट कोतवाली प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रैक्टर की तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।












.jpg)


