देहरादून, 06 जून।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान तेजी से जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात प्रशासन ने वीआईपी और पॉश इलाके के रूप में जानी जाने वाली यमुना कॉलोनी में सरकारी जमीन पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद उक्त भूमि को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है।
नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। स्थानीय निवासियों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की गई थी। अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद, प्रशासन ने लगभग एक महीने पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद, निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात मौके पर पहुंचकर अवैध ढांचे को ढहा दिया।
नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि ध्वस्तीकरण के दौरान स्थल पर किसी भी प्रकार के अवशेष नहीं पाए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अतिक्रमण संबंधी नोटिस मिलता है, तो वे स्वतः ही उसे हटा लें ताकि दंडात्मक प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।











.jpg)


