भोपाल, 05 जून।
मध्यप्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2022 बैच के आठ अधिकारियों के तबादले करते हुए उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत अनु बेनीवाल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर से जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं ओमप्रकाश को बालाघाट के लांजी से स्थानांतरित कर इंदौर में जोन-3 के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
करणदीप को बालाघाट के बैहर से उज्जैन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि आयुष जाखड़ को शिवपुरी के करैरा से जबलपुर में एएसपी पद पर तैनात किया गया है।
गौरव पाण्डेय को सिंगरौली से सतना स्थानांतरित किया गया है, जबकि मिनी शुक्ला को राजगढ़ के नरसिंहगढ़ से भोपाल में जोन-2 के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा राज कृष्ण को मुरैना के सबलगढ़ से इंदौर ग्रामीण के महू में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा सुजावल जतन को धार से ग्वालियर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक हलकों में इन तबादलों को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







.jpg)






