लखनऊ, 05 जून।
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अभी भी तल्ख बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और आंधी के बावजूद तापमान में कोई बड़ी राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के करीब 40 जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए विक्षोभ के कारण राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी और बूंदाबांदी के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, अलीगढ़ और आगरा समेत कई जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इसके साथ ही बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों के लिए मौसम विभाग ने आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मानसून के आगमन को लेकर विभाग ने अपडेट दिया है कि यह 18 जून तक गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और 22 जून तक लखनऊ पहुँचने की संभावना है।















