मौसम
05 Jun, 2026

राजस्थान में प्री-मानसून का कहर: आंधी-बारिश से दो की मौत, 22 जिलों के लिए अलर्ट जारी

राजस्थान में प्री-मानसून की तेज गतिविधियों के चलते भरतपुर और भीलवाड़ा में दो लोगों की मौत हो गई है, वहीं मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

जयपुर, 05 जून।

राजस्थान में मानसून के आने से पहले प्री-मानसून की गतिविधियाँ सक्रिय हो गई हैं, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार शाम से शुरू हुआ आंधी और बारिश का दौर शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। हालांकि इस बदलाव ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत दी है, लेकिन भरतपुर और भीलवाड़ा में आंधी-तूफान के कारण दो लोगों की असामयिक मृत्यु के समाचार से शोक की लहर है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के जुलाई के पहले सप्ताह तक राजस्थान पहुँचने के आसार हैं। फिलहाल 7 जून तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को 14 जिलों के लिए ऑरेंज और 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

भरतपुर के नदबई क्षेत्र में दीवार गिरने से 55 वर्षीय इंद्रा देवी की जान चली गई, जबकि भीलवाड़ा के बिजौलिया में तेज हवाओं के कारण उड़कर आई लोहे की चादर लगने से देवीलाल धाकड़ की मृत्यु हो गई। इसके अलावा, राज्य के विभिन्न हिस्सों में पेड़ उखड़ने, बिजली के तार टूटने और टिनशेड उड़ने की खबरें भी सामने आई हैं। राजधानी जयपुर सहित झुंझुनूं, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर संभाग में भी रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई।

गर्मी के मोर्चे पर बात करें तो श्रीगंगानगर 44.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना रहा, जबकि बादल छाए रहने के कारण जयपुर और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। नमी बढ़ने से उमस की स्थिति जरूर बनी हुई है, लेकिन विभाग का अनुमान है कि आगामी दो दिनों में आंधी और बारिश के दौर से तापमान में और कमी आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

|
आज का राशिफल

मेष- कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। यार-दोस्तों के साथ सांझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्धिमानी होगी। आपकी योजना से लोग प्रभावित होंगे। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़