05 जून, उज्जैन।
प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की प्रातः कालीन भस्म आरती में सम्मिलित होकर दर्शन का लाभ लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए कैलाश खेर ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन मात्र से ही भक्त जन्म-जन्मांतर के बंधनों से मुक्ति पा जाता है। उन्होंने बाबा महाकाल की महिमा का बखान करते हुए कहा कि महाकाल ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो पूरे ब्रह्मांड का संचालन करती है। कैलाश खेर ने इस मौके पर हो रही वर्षा का उल्लेख करते हुए बताया कि आज महाकाल ने इंद्र देव को भी अपने साथ बुलाया है। उनकी कृपा की बूंदों ने भक्तों को स्पर्श कर धन्य कर दिया है। मंदिर दर्शन के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा गायक कैलाश खेर का भव्य स्वागत एवं सत्कार किया गया।













