लखनऊ, 11 जून।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को लखनऊ में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता आगामी चुनावों में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जो आने वाले समय में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होंगी।
वे मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लखनऊ महानगर इकाई द्वारा सहकारिता भवन सभागार में आयोजित प्रबुद्ध जन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया और कहा कि आज पूरा देश उनके नेतृत्व के साथ खड़ा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री पद तक बिना किसी अवकाश के निरंतर कार्य किया है और इसी वर्ष अक्टूबर में उनके दोनों कार्यकाल मिलाकर 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे।
उन्होंने अपने संबोधन में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद और आतंकवाद पर नियंत्रण, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, हर घर नल से जल जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने कोविड काल में वैक्सीन निर्माण और देशवासियों की सुरक्षा को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
पीयूष गोयल ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ विरासत के संरक्षण पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है, जिसके तहत अयोध्या, काशी, उज्जैन, सोमनाथ और केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2047 तक 140 करोड़ नागरिकों की भागीदारी से भारत विकसित राष्ट्र, आत्मनिर्भर भारत और विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने ही वाराणसी से प्रधानमंत्री मोदी को पहली बार संसद में भेजा था और वे आगे भी उन्हें और मुख्यमंत्री योगी को समर्थन देंगे।
कार्यक्रम में लखनऊ महापौर, पद्मश्री मालिनी अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिसर में पौधारोपण भी किया।










