नई दिल्ली, 11 जून।
केंद्र सरकार शुक्रवार को विज्ञान भवन में सारथी (स्ट्रैटेजिक एडवाइजरी एंड रिफॉर्म्स टास्कफोर्स फॉर होलिस्टिक आईटीआई ट्रांसफॉर्मेशन) की पहली बैठक आयोजित करेगी, जिसमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को मजबूत बनाने और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रणाली को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर चर्चा की जाएगी।
इस बैठक की अध्यक्षता कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी करेंगे। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ उद्योग जगत, नियामक संस्थाओं और कौशल क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
सरकारी जानकारी के अनुसार, सारथी को क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग योजना के तहत एक उच्च स्तरीय सलाहकारी तंत्र के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य आईटीआई संस्थानों को सशक्त बनाना और उन्हें भविष्य की कार्यबल आवश्यकताओं के अनुरूप ढालना है।
वर्तमान में देश में कुल 13,888 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं, जिनमें 3,326 सरकारी और 10,562 निजी संस्थान शामिल हैं। ये संस्थान 169 मानकीकृत ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
सारथी के माध्यम से पाठ्यक्रम सुधार, मूल्यांकन प्रणाली, गुणवत्ता आश्वासन, संस्थागत विकास और उद्योग सहभागिता जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
पहली बैठक में राष्ट्रीय आईटीआई ग्रेडिंग ढांचा, अखिल भारतीय कौशल प्रतियोगिता, तकनीक आधारित मूल्यांकन सुधार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, प्रशिक्षक विकास, योग्यता मानक, पहुंच मार्ग विस्तार और संस्थागत शासन जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
मंत्रालय ने कहा कि यह पहल केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करेगी और उद्योग के साथ संरचित साझेदारी को बढ़ावा देकर व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रणाली को अधिक आधुनिक, समावेशी और परिणाम-आधारित बनाएगी।










