नई दिल्ली, 11 जून।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12 जून से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे 13 जून को देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगी।
राष्ट्रपति भवन से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु 13 जून को आईएमए में 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड की समीक्षा करेंगी।
इस अवसर पर वे प्रशिक्षण पूरा करने वाले भावी सैन्य अधिकारियों की परेड का निरीक्षण करेंगी और कैडेटों की उपलब्धियों का अवलोकन भी करेंगी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड भारतीय सेना में नए अधिकारियों के औपचारिक रूप से शामिल होने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जाती है।










