चेन्नई, 11 जून।
तमिल सिनेमा के वयोवृद्ध निर्देशक और अभिनेता भारतीराजा का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे कला जगत में शोक व्याप्त है और बड़ी हस्तियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके देहांत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने तमिल फिल्मों को नई पहचान दी। ग्रामीण जीवन को यथार्थ के करीब दिखाने की उनकी शैली हमेशा याद रखी जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच ने भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें फिल्म निर्माण की कला का नया अर्थ देने वाला बताया। वहीं, भाजपा नेता नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने अपनी फिल्मों से मानवीय संवेदनाओं को खूबसूरती से पेश किया और कई नई प्रतिभाओं को सिनेमा जगत में उतारा।
भारतीराजा का जन्म 1941 में थेनी जिले के अल्ली नगरम में हुआ था और उनका वास्तविक नाम चिन्नासामी था। '16 वायथिनिले' जैसी यादगार फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाले इस दिग्गज ने अपने जीवनकाल में लगभग 44 फिल्मों का सफल निर्देशन किया।









