ग्रेटर नोएडा, 11 जून।
ग्रेटर नोएडा के बीटा-दो थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की जान लेने की कोशिश की। आरोपी पति ने ऑफिस जाने के लिए निकली अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।
पीड़िता के पिता सुबोध कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी कल्पना की शादी पिछले साल अप्रैल में आकाश गुप्ता से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसे प्रताड़ित कर रहा था, जिसके चलते कल्पना अपने मायके वापस आ गई थी।
बुधवार दोपहर जब कल्पना सोसाइटी की सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी, तब आरोपी वहां पहुंचा और उसने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले से घबराई महिला अपनी जान बचाने के लिए वापस घर की तरफ भागी।
बेटी की चीखें सुनकर जब पिता ने घर का दरवाजा खोला, तो आरोपी आकाश ने उन पर भी मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। गंभीर रूप से घायल महिला को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










