प्रयागराज, 11 जून।
प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित गोती गांव में दिनदहाड़े एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। गांव के एक बगीचे में कुछ अज्ञात हमलावरों ने 25 वर्षीय कुश सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए तत्काल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस उपायुक्त विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी, तत्काल मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की धरपकड़ के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










