मस्कट, 11 जून।
ओमान के तट के पास पनामा-ध्वज वाले कमर्शियल टैंकर एमटी सेटेबेलो (MT Settebello) पर हुए संदिग्ध मिसाइल हमले के बाद लापता हुए तीनों भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है।
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि तीनों भारतीय चालक दल के सदस्यों के शव मिल गए हैं और उनकी पहचान कर ली गई है।
मंत्री सोनोवाल ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए इसे समुद्री समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।
सोनोवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए नाविकों को तत्काल सुरक्षित वापस लाया जाए। साथ ही, उन्होंने मृत नाविकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है, ताकि उनके अंतिम संस्कार सम्मान के साथ किए जा सकें।









