उरई, 11 जून।
जालौन पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कोतवाली कोंच की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी को दबोच लिया है। यह आरोपी न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों में भी वांछित था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी की पहचान उमेश कुमार चौहान के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी है। उस पर धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और आईटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी एफसीआई गेट के पास मुख्य सड़क पर मौजूद है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी कर पुलिस ने उमेश को न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।










