भोपाल, 10 जून।
प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मध्य प्रदेश पुलिस ने पिछले पांच दिनों में विभिन्न जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.62 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। अभियान के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार कार्रवाई के दौरान गांजा, स्मैक, एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा, नशीले इंजेक्शन, ट्रामाडोल गोलियां और कोडीन युक्त कफ सिरप जैसी प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। अभियान का उद्देश्य प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
आगर मालवा में पुलिस ने एक कंटेनर के गुप्त चैम्बर से बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में लाखों रुपये मूल्य की सामग्री और वाहन जब्त किए गए। वहीं शिवपुरी में स्मैक तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया तथा मादक पदार्थों के साथ वाहन और अन्य सामान जब्त किया गया।
मंदसौर, उज्जैन, रतलाम और गुना जिलों में भी अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान ड्रग्स तस्करी से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ। पुलिस ने विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया।
जबलपुर में संयुक्त पुलिस टीम ने एक संगठित ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में नशीले इंजेक्शन और अन्य सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा कटनी, सागर और सीधी जिलों में भी मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई।
पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि प्रदेशभर में नशा विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।










