भोपाल, 06 जून ।
मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस अवधि में विभिन्न जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी, निर्माण और बिक्री से जुड़े आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार और उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक कुल 87 अवैध हथियार, 23 धारदार हथियार, बड़ी संख्या में कारतूस और हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। सबसे बड़ी कार्रवाई खरगोन जिले में दर्ज की गई, जहां संयुक्त अभियान के तहत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 29 देशी पिस्टल तथा 6 देशी कट्टों सहित कुल 35 अवैध हथियार बरामद किए गए।
खरगोन में कार्रवाई के दौरान एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भी खुलासा हुआ, जहां से हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए गए और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई।
मुरैना जिले में पुलिस ने विभिन्न थानों की कार्रवाई में 15 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं धार जिले में उत्तर प्रदेश से जुड़े एक गैंगस्टर और सिकलीगर को गिरफ्तार कर चार देशी पिस्टल और निर्माण सामग्री जब्त की गई।
दतिया जिले में अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए कट्टे, पिस्टल और उपकरण बरामद किए गए। गुना पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर तीन देशी कट्टे और कारतूस जब्त किए, साथ ही डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को भी हथियारों के साथ पकड़ा गया।
नीमच में भी हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ, जबकि भोपाल के तलैया क्षेत्र में एक नाबालिग से 15 तलवारें और 8 छुरे बरामद किए गए। ग्वालियर में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए देशी कट्टे जब्त किए गए।
इसके अलावा इंदौर, शिवपुरी, टीकमगढ़, अलीराजपुर, छतरपुर, बुरहानपुर और उज्जैन में भी अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








