भोपाल, 6 जून।
अयोध्यानगर थाना पुलिस ने राहगीरों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। आरोपियों पर देर रात क्षेत्र में गुंडागर्दी करने, विवाद खड़ा करने और लोगों के साथ मारपीट करने के आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक 26 मई की रात करीब तीन बजे पीस वैली-02 निवासी अरुण योगी अपने भाई तरुण योगी की मदद के लिए पेट्रोल लेकर काकड़ा अभिनव होम्स के पास पहुंचे थे। तरुण ने फोन कर बताया था कि उनकी कार का पेट्रोल खत्म हो गया है। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां आ पहुंचे और बिना किसी कारण विवाद शुरू करते हुए अभद्रता करने लगे।
जब अरुण योगी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पास में पड़े लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे तरुण योगी और उनके मित्र शिवोम को भी आरोपियों ने निशाना बनाया। हमले के दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से वार कर तरुण योगी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के दौरान पुलिस वाहन का सायरन सुनते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद अयोध्यानगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद छिंदवाड़ा और बैतूल में लगातार कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में समीर उर्फ शम्मू आरसे, सत्यम धनंजय तिवारी, शिवम पिंजारे और अक्षत डेहरिया उर्फ रौनक शामिल हैं। सभी आरोपी मिनाल रेजीडेंसी स्थित जैसमिन अपार्टमेंट में रह रहे थे। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।








