बांदा, 24 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में ऑपरेशन ईगल के तहत तिंदवारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बिहार के दो कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक स्थानीय आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम तेरही माफी रोड पर गश्त और वाहन जांच के दौरान दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से 5 किलो 65 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी हरेंद्र और सरिवन उर्फ श्रवण के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि उन्होंने बरामद गांजा तिंदवारी निवासी आशीष से खरीदा था और उसे अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले आशीष मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बरामद गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।














