कोलकाता, 24 जुलाई।
सुंदरबन के जलमार्ग के जरिए कथित तौर पर बांग्लादेश में हथियारों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। भारतीय तटरक्षक बल और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक मछली पकड़ने वाली ट्रॉलर से हथियार और कारतूस बरामद किए गए थे।
जांच एजेंसियों के अनुसार, भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पर निगरानी के दौरान संदिग्ध ट्रॉलर एफवी झूमा को पकड़ा गया। तलाशी में पांच अत्याधुनिक लंबी दूरी के आग्नेयास्त्र और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुरुवार को तटरक्षक बल ने चारों आरोपियों को सुंदरबन कोस्टल थाना पुलिस के हवाले किया। शुक्रवार को उन्हें अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गोलाम मोल्ला को गिरोह का कथित सरगना माना जा रहा है, जबकि अन्य आरोपी बसंती ब्लॉक के झड़खाली क्षेत्र के निवासी हैं। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और तस्करी के संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।















