मथुरा, 24 जुलाई।
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में गोवर्धन चौराहे के पास दिनदहाड़े करीब 85 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाश कूरियर के माध्यम से दिल्ली भेजे जा रहे आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कूरियर कंपनी का कर्मचारी गौरव विभिन्न क्षेत्रों से आभूषण एकत्र कर बैग में लेकर गोवर्धन चौराहे पर राजस्थान रोडवेज की बस में सवार हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। बैग गायब होने का पता चलते ही कर्मचारी ने शोर मचाया, जिसके बाद बस चालक ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित पुलिस और एसओजी की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बस चालक, परिचालक और अन्य लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।















