भोपाल, 24 जुलाई।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में सभी सेतु निर्माण परियोजनाएं गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ पूरी की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मंत्री वल्लभ भवन में सेतु निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में 30 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन फ्लायओवर, रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) और पुल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विभाग के अनुसार प्रदेश में कुल 48 परियोजनाएं चिन्हित हैं, जिनमें 5 फ्लायओवर, 33 आरओबी और 10 पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी पहलुओं, विभिन्न विभागों के समन्वय और समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की गई।
राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान कर परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण और प्रभावी समन्वय के माध्यम से निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि विलंबित परियोजनाओं में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग शीघ्र ही अभियंताओं और ठेकेदारों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित करेगा, जिसमें आधुनिक निर्माण तकनीकों, गुणवत्ता मानकों और परियोजना प्रबंधन पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि विभाग की कार्यप्रणाली को लगातार डिजिटल और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। डिजिटल मॉनिटरिंग, नियमित गुणवत्ता परीक्षण और समयबद्ध भुगतान जैसी व्यवस्थाओं से परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।















