भोपाल, 24 जुलाई।
मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक और पहल हुई है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से मुलाकात कर वर्ष 2027 की एशियन रोइंग चैंपियनशिप और एशियन रोइंग कप-1 की मेजबानी के लिए भोपाल की दावेदारी पर चर्चा की।
आरएफआई के महासचिव सुभाषित मुखर्जी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि भारत की ओर से भोपाल की मजबूत दावेदारी प्रस्तुत करने के लिए एशियन रोइंग फेडरेशन के समक्ष आवश्यक सहयोग दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में मंत्री को औपचारिक प्रस्ताव भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भोपाल का अपर लेक (बड़ा तालाब) अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रोइंग सुविधाओं, प्राकृतिक परिस्थितियों और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के अनुभव के कारण इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए उपयुक्त स्थान है। आयोजन मिलने पर एशिया के कई देशों के खिलाड़ी, तकनीकी अधिकारी और खेल प्रशासक भोपाल पहुंचेंगे।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से देश की स्पोर्ट्स कैपिटल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भोपाल को वर्ष 2027 की एशियन रोइंग चैंपियनशिप और एशियन रोइंग कप-1 की मेजबानी दिलाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
बैठक में प्रदेश में रोइंग खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा भोपाल को अंतरराष्ट्रीय रोइंग हब के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।















