ग्लासगो, 24 जुलाई।
राष्ट्रमंडल खेल-2026 में भारतीय महिला लॉन बॉल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 (6-4, 7-5) से हराकर ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। भारतीय जोड़ी रूपा रानी तिर्की और पिंकी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए नॉकआउट चरण की दावेदारी मजबूत कर दी।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला कड़ा रहा। पहले सेट में भारतीय जोड़ी ने 6-4 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में दक्षिण अफ्रीका की थाबेलो मुव्हांगो और जैकी जांसे वान रेंसबर्ग ने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-5 से सेट और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह ग्रुप चरण में भारत की लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ भारतीय टीम +9 नेट प्वाइंट अंतर के साथ ग्रुप-बी में शीर्ष पर पहुंच गई है।
भारतीय महिला जोड़ी ने इससे पहले अपने पहले मुकाबले में माल्टा को टाईब्रेकर में हराकर अभियान की विजयी शुरुआत की थी। लगातार दो जीत के बाद टीम ने नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं।















