नई दिल्ली, 24 जुलाई।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 अधिकारियों को सेवा से हटा दिया है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम परीक्षा संचालन व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जानकारी के मुताबिक हटाए गए अधिकारियों में से कुछ के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। एजेंसी परीक्षा संचालन से जुड़े मामलों की समीक्षा कर रही है और आवश्यकतानुसार आगे भी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एनटीए में चल रहे व्यापक प्रशासनिक और संस्थागत सुधारों का हिस्सा है। हाल के वर्षों में पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर उठे विवादों के बाद एजेंसी परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है।















