मीरजापुर, 24 जुलाई।
मीरजापुर जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से कथित रूप से अपहृत तीन माह के मासूम को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जीआरपी के अनुसार, गुरुवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2/3 स्थित वेटिंग रूम में नूरजहां का तीन माह का पुत्र परवेज सो रहा था। आरोप है कि उसके साथ मौजूद एक महिला बच्चे को लेकर वहां से चली गई। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला की गतिविधियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि वह मगध एक्सप्रेस के एस-4 कोच में सवार होकर इटावा की ओर गई है। इसके बाद मीरजापुर जीआरपी ने इटावा जीआरपी से संपर्क कर महिला की फोटो और अन्य जानकारी साझा की।
मुखबिर की सूचना पर इटावा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के अंतिम छोर से महिला को तीन माह के मासूम के साथ हिरासत में ले लिया गया। मीरजापुर से पहुंची पुलिस टीम बच्चे को सकुशल वापस लेकर आई और महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जीआरपी ने बताया कि पुलिस टीमों के आपसी समन्वय और सीसीटीवी की मदद से पूरे अभियान को 10 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर उसकी मां ने जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।















