भोपाल, 24 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक से मुलाकात कर विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की पहल, दृष्टिकोण और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। सकारात्मक और सार्थक संवाद के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।
डॉ. यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के साथ परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।















