पन्ना, 24 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए मध्यप्रदेश के चार महानगर भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने यह घोषणा पन्ना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में लगभग 210 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 184.83 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इनमें गुन्नौर और पवई में 74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो सांदीपनि विद्यालय भी शामिल हैं। इसके अलावा पन्ना के बृहस्पति कुंड में आठ करोड़ रुपये की लागत से विकसित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा और इससे क्षेत्र में कृषि एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में लगभग 10 हजार नए पद स्वीकृत किए हैं और पिछले वर्ष 8 हजार पदों पर भर्ती की गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन, उद्योग, कृषि, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और किसान हित से जुड़ी योजनाओं पर निरंतर कार्य कर रही है।















