शिमला, 24 जुलाई।
शिमला पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया है। आरोपित न्यायालय में लगातार पेश नहीं हो रहा था, जिसके बाद उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान मंडी जिले के करसोग निवासी 34 वर्षीय किशन चौहान के रूप में हुई है। वर्ष 2023 में उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस समय उसके कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र जिला एवं सत्र न्यायालय, शिमला में प्रस्तुत कर दिया था।
सुनवाई के दौरान आरोपित के लगातार अनुपस्थित रहने पर जिला एवं सत्र न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। इसके बाद पुलिस थाना सदर की टीम ने उसकी तलाश शुरू की और 23 जुलाई को मंडी जिले के करसोग क्षेत्र के खाडौनी गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित को नियमानुसार जिला एवं सत्र न्यायालय, शिमला के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और न्यायालय से जारी वारंटों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।















