धर्मशाला, 24 जुलाई।
कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए समेला रेलवे ओवरब्रिज के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के तहत नाकाबंदी और वाहन जांच के दौरान दोनों संदिग्धों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवेश राणा उर्फ तनु (23) और मंगल कुमार (30) के रूप में हुई है। दोनों कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।















