अजमेर, 05 जून।
दिल्ली के रेस्टोरेंट में हुई अग्निकांड की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले अजमेर के गुलाब बाड़ी निवासी जंवरीलाल अग्रवाल और उनकी पत्नी कमला देवी का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद अवसर पर दोनों की अर्थी एक साथ उठाई गई, जिसे देख हर किसी की आंखें नम थीं। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में शामिल हुए लोगों ने पुष्प वर्षा कर इस मिलनसार दम्पती को भावभीनी विदाई दी।
शुक्रवार सुबह 9 बजे जब दोनों के शव उनके निवास स्थान पर पहुंचे, तो वहां अग्रवाल समाज के बंधुओं, रिश्तेदारों और पड़ोसियों का तांता लग गया। गमगीन माहौल में अमेरिका से आए उनके पुत्र और जयपुर से आई पुत्री ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। पड़ोसियों ने उनके सेवाभावी और मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए बताया कि दिल्ली जाने से कुछ समय पहले ही उन्होंने कमला देवी का जन्मदिन मनाया था और भगवान जगन्नाथ यात्रा के लिए सहयोग राशि भी जमा की थी।

मोक्षधाम पर पुत्र द्वारा मुखाग्नि दिए जाने के साथ ही यह दम्पती पंचतत्व में विलीन हो गया। गौरतलब है कि दिल्ली की इस भीषण दुखांतिका में कुल 21 लोगों की जान गई थी, जिसमें अजमेर के इस दम्पती के साथ-साथ किशनगढ़ के एक रिश्तेदार की भी मृत्यु हुई थी। पूरा क्षेत्र इस अपूरणीय क्षति से शोक में डूबा हुआ है।















