भोपाल, 05 जून।
मध्य प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में राज्य स्तरीय समारोह में "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान का विधिवत शुभारंभ करेंगे। यह अभियान 5 जून से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में जन-सहभागिता के साथ संचालित किया जाएगा।
इसका मुख्य उद्देश्य पौधारोपण को एक जन-आंदोलन का स्वरूप देना है, जिसके तहत रोपे गए पौधों की जियो-टैगिंग कर उन्हें 'मेरी लाइफ' पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा, ताकि उनकी निरंतर निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के लिए 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार प्रदान करेंगे।
इसके साथ ही, वे सर्कुलर इकॉनॉमी पर आधारित 5 कोर्स मॉड्यूल्स और 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का विमोचन भी करेंगे। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार और अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
इस वर्ष का आयोजन संयुक्त राष्ट्र की थीम 'इंस्पाइर्ड बाइ नेचर, फॉर क्लाइमेट एंड फॉर अवर फ्यूचर' तथा देशव्यापी संदेश 'नॉउ फऱॉर क्लाइमेट' पर केंद्रित है। कार्यक्रम में विशेषज्ञों और पर्यावरणविदों द्वारा जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास लक्ष्यों पर चर्चा की जाएगी। यह आयोजन पर्यावरणीय चेतना को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा।
राज्य स्तरीय आयोजन के साथ ही पूरे प्रदेश के जिलों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें संगोष्ठियां, रैलियां, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण शपथ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी और नेहरू युवा केंद्र की सक्रिय भागीदारी से 'एक पेड़ – अनेक जीवन' जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाई जाएगी, ताकि जल संरक्षण, जैव-विविधता और प्लास्टिक-मुक्त वातावरण का संदेश जन-जन तक पहुँच सके।













