05 जून, भोपाल।
मध्य प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के अंतर्गत आयोजित इन सभाओं का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देना है। रीवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि इस अभियान के तहत 'एक पेड़ माँ के नाम' कार्यक्रम को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक गांव में नीम, पीपल, बरगद और आम जैसे छायादार एवं फलदार पौधे रोपित किए जा रहे हैं।
विशेष ग्राम सभाओं में पर्यावरण के अलावा अन्य महत्वपूर्ण जनहितैषी विषयों को भी एजेंडे में शामिल किया गया है। इनमें नवकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही, 'जल गंगा संवर्धन अभियान' की उपलब्धियों और 'व्हीबी जीरामजी' योजना की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है।
इन सभाओं में ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर मंथन होगा। इनमें प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने, ई-विकास प्रणाली का लाभ उठाने, गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, आयुष्मान भारत योजना का क्रियान्वयन और कुपोषण पर नियंत्रण जैसे विषय प्रमुख हैं। निर्धारित एजेंडे के अनुसार ग्राम सभाओं में आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। आयोजन की पूरी रिपोर्ट और गतिविधियों की फोटोग्राफ जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।








