गुवाहाटी, 05 जून।
असम की राजनीति में शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली सरकार का विस्तार किया गया। लंबे समय से चल रही कयासबाजियों पर विराम लगाते हुए 12 एनडीए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने इन नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई। इस विस्तार के साथ ही 19 सदस्यीय मंत्रिमंडल में अब 17 सीटें भर गई हैं।
शपथ लेने वाले नए मंत्रियों में 11 विधायक भाजपा से और एक सदस्य सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) से शामिल हैं। मंत्रिमंडल में जगह पाने वालों में डॉ. रणोज पेगू, अश्विनी राय सरकार, विश्वजीत दैमारी, पीयूष हजारिका, अशोक सिंघल, कृष्णेंदु पाल, नीलिमा देवी, जयंत मल्ल बरुवा, कौशिक राय, बिमल बोरा, सुशांत बरगोहाईं और केशव महंत का नाम प्रमुख है। इन नए चेहरों में केशव महंत अगप का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
इस मंत्रिमंडल विस्तार की खास बात यह रही कि चार विधायकों को पहली बार कैबिनेट में शामिल होने का अवसर मिला है। वर्तमान संरचना में अब अगप से कुल दो प्रतिनिधि—अतुल बोरा और केशव महंत—मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं। इसके अलावा बीपीएफ से चरण बोरो पहले से ही सरकार में शामिल हैं। इस नए विस्तार से राज्य सरकार की कार्यक्षमता और एनडीए गठबंधन की एकजुटता को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।










