अलीपुरद्वार, 05 जून।
पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद फालाकाटा के विधायक दीपक बर्मन शुक्रवार को पहली बार उत्तर बंगाल पहुंचे। धुपगुड़ी स्टेशन पर उतरते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान वहां उत्सव जैसा माहौल रहा।
स्टेशन से बाहर आकर मंत्री दीपक बर्मन ने उत्तर बंगाल की लंबे समय से हो रही उपेक्षा के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य नेतृत्व द्वारा दिखाए गए भरोसे के लिए वे आभारी हैं। उन्हें खुशी के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का एहसास है। उत्तर बंगाल को मुख्यधारा में लाकर वहां की उपेक्षा को खत्म करना उनका मुख्य लक्ष्य है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी कार्यशैली किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ फालाकाटा या अलीपुरद्वार के मंत्री नहीं हैं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उनका संकल्प उत्तर बंगाल को राज्य के अन्य विकसित हिस्सों के बराबर लाना और पूरे प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।
धुपगुड़ी स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्होंने स्थानीय मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्हें धुपगुड़ी से फालाकाटा तक खुली गाड़ी में ले जाया गया। उनके स्वागत में भव्य बाइक रैली निकाली गई और बैंड-बाजे के साथ नारेबाजी हुई। बड़ी संख्या में लोग मंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों के किनारे खड़े दिखे।













