मौसम
05 Jun, 2026

कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में मौसम ने ली करवट, बारिश से मिली गर्मी से राहत

कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है और मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक दक्षिण बंगाल में बारिश का अनुमान जताया है।

कोलकाता, 05 जून।

दक्षिण बंगाल में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को शुक्रवार की भोर में मौसम ने बड़ी राहत दी है। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया है। अलीपुर मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक दक्षिण बंगाल के छह जिलों में बारिश का दौर बने रहने का अनुमान जताया है, वहीं उत्तर बंगाल में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम कार्यालय के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता में आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका है, जिसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले गुरुवार तक उत्तर 24 परगना, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

कोलकाता, हावड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि वहां कोई विशेष चेतावनी नहीं है। हुगली में सोमवार, दक्षिण 24 परगना में रविवार तथा पूर्व मेदिनीपुर में रविवार और मंगलवार के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। फिलहाल दक्षिण बंगाल के तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है और मछुआरों के लिए कोई खतरा नहीं बताया गया है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर देश में दस्तक दी है। केरल में मानसून तीन दिन की देरी से पहुंचा। भारतीय मौसम विभाग की मानें तो मानसून की गति धीमी है और उत्तर व पूर्वी भारत तक पहुँचने में अभी वक्त लगेगा। उत्तर भारत में मानसून का आगमन जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के प्रारंभ में संभावित है।

|
आज का राशिफल

मेष- कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। यार-दोस्तों के साथ सांझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्धिमानी होगी। आपकी योजना से लोग प्रभावित होंगे। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़