मेदिनीपुर, 05 जून।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। पूर्व मेदिनीपुर जिला परिषद के स्वास्थ्य कर्माध्यक्ष शेख शमसुल इस्लाम को नंदीग्राम थाना पुलिस ने बम विस्फोट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार देर रात दाउदपुर स्थित उनके आवास पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला अप्रैल महीने में शमसुल इस्लाम के घर में हुए बम धमाके से संबंधित है। उस घटना में उनका पुत्र घायल हो गया था। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, घर की सीढ़ियों के नीचे एक पैकेट हटाने के दौरान विस्फोट हुआ था। पुलिस ने मौके से कुछ अन्य ताजा बम भी बरामद किए थे, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। नंदीग्राम थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने पुष्टि की है कि जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर तृणमूल नेता को गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दूसरी ओर, दक्षिण 24 परगना के भांगड़ में भी हलचल तेज है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) तृणमूल नेता शौकत मोल्ला की तलाश में जुटी है। एजेंसी ने उनके आवास और पार्टी कार्यालय पर छापेमारी की है, हालांकि मोल्ला अभी तक फरार बताए जा रहे हैं। एनआईए ने उनके पुत्र इमरान मोल्ला से इस संबंध में पूछताछ भी की है।













