नोएडा, 12 जून।
उत्तर प्रदेश के नोएडा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार देर रात एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 414 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में सेंट्रल जोन पुलिस ने यह बड़ी कार्यवाही की है। गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
गौरतलब है कि नोएडा पुलिस का यह अभियान पिछले कुछ दिनों से काफी आक्रामक रहा है। मीडिया प्रभारी के अनुसार, पिछले 6 दिनों के भीतर ही पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम मदिरापान करने के आरोप में 2 हजार से अधिक लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसी धरपकड़ जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।










