नई दिल्ली, 12 जून।
ग्लोबल मार्केट से आज निवेशकों के लिए उत्साहजनक संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान जबरदस्त मजबूती रही और डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजार में भी खरीदारी का दौर जारी रहा। ईरान के साथ समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान और हमले की योजना रद्द करने के बाद विश्व भर के बाजारों में सकारात्मक माहौल है।
वर्ल्ड स्ट्रीट में पिछले सत्र के दौरान चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 929.97 अंक यानी 1.86 प्रतिशत उछल कर 50,848.75 अंक पर पहुंच गया। एस एंड पी 500 इंडेक्स 127.31 अंक यानी 1.75 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,394.30 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक ने 640.16 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की छलांग लगाई और 25,809.66 अंक पर कारोबार का अंत किया। वहीं, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 50,877.32 अंक पर बना हुआ है।
यूरोपीय बाजार का रुख भी तेजी वाला रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,303.88 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 8,200.80 अंक के स्तर पर कारोबार समाप्त किया। इसके अतिरिक्त डीएएक्स इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,209.71 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज आमतौर पर तेजी देखी जा रही है। एशिया के नौ बाजारों में से आठ सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में हैं, जबकि केवल गिफ्ट निफ्टी 0.08 प्रतिशत फिसल कर 23,384 अंक पर है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,007.66 अंक पर है। सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.83 प्रतिशत तेजी के साथ 1,585.39 अंक पर पहुंच गया है। कोस्पी इंडेक्स ने 8.24 प्रतिशत की जबरदस्त छलांग लगाई है और यह 8,403.36 अंक पर है।
इसी क्रम में निक्केई इंडेक्स 3.46 प्रतिशत की उछाल के साथ 66,440 अंक पर है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 2.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,037.65 अंक, ताइवान वेटेड इंडेक्स 2.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 44,162.31 अंक, हैंग सेंग इंडेक्स 1.96 प्रतिशत बढ़कर 24,735 अंक और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.56 प्रतिशत उछल कर 4,049.29 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।










